दिल्ली से अल्मोड़ा जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर सेटकराई कार चला रही महिला की मौत

बढ़ते सड़क हादसों के बीच रविवार को हापुड़ में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से अल्मोड़ा जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे-9 के नए बाईपास पर कुचेसर चौपला के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई पलटे खाते हुए पास के ढाबे में जा घुसी और वहां खड़ी दो अन्य कारों से टकरा गई। हादसे में कार चला रही 37 वर्षीय निधि कमाल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, निधि कमाल, द्वारका सेक्टर-06, दिल्ली की निवासी, रविवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपनी कार से अल्मोड़ा जा रही थी। जैसे ही वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला स्थित सूर्य शिवा ढाबे के पास पहुंची, उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डिवाइडर से टकराते ही कार का टायर फट गया और वाहन हवा में कई बार पलटते हुए सड़क किनारे खड़ी दो अन्य गाड़ियों से भिड़ गया।

हादसे का पूरा मंजर पास के ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई, कई पलटे खाई और दूसरी गाड़ियों के बीच फंस गई। टक्कर के कारण कार के परखच्चे उड़ गए और युवती कार के भीतर ही फंस गई।

मौके पर पहुंची बाबूगढ़ पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल युवती को कार से बाहर निकाला और उसे तुरंत एम्बुलेंस से सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कार के टकराने वाली अन्य दो गाड़ियों में गुजरात के राजकोट निवासी गबरू और भारत भाई सवार थे। वे नैनीताल से कैची धाम दर्शन कर लौट रहे थे और ढाबे पर खाना खाकर अपनी कार की तरफ लौट रहे थे। केवल कुछ सेकंड की देरी से ही वे हादसे में बच गए, अन्यथा वे भी गंभीर रूप से घायल हो सकते थे।

Ad

सम्बंधित खबरें