मुस्लिम युवक को हिन्दू युवती के साथ देखे जाने पर हंगामा खड़ा हो गया युवक की पिटाई कर किया पुलिस के हवाले

उत्तराखंड में एक मुस्लिम युवक को हिन्दू युवती के साथ देखे जाने पर हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक के खिलाफ पहले भी इसी युवती से जुड़े एक गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है।

मामला राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली इलाके का है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को बिधौली के जंगल क्षेत्र के पास एक युवक और युवती को साथ देखकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर कुछ सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और युवक को अपनी हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, युवक के खिलाफ पिछले वर्ष इसी युवती के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था, जब युवती नाबालिग थी। इस मामले में आरोपी जेल भी जा चुका है और हाल ही में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद बाहर आया था।

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। युवती के परिजनों से बातचीत की गई, लेकिन उन्होंने फिलहाल किसी नई कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। ऐसे में इस मामले में कोई नई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नजर रखी जा रही है।

Ad

सम्बंधित खबरें