हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या और प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक एवं तकनीकी संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक शैक्षणिक कार्य बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन के मुताबिक कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले की चरम अवधि में प्रमुख सड़कों और मार्गों पर भारी भीड़ के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा, जबकि आवश्यकता के अनुसार कुछ मार्गों को बंद भी रखा जाएगा।
जिलाधिकारी ने आदेश में कहा है कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था और भीड़ के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल एवं शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इस अवधि में जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के अलावा उच्च शिक्षण संस्थान, तकनीकी एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
अवकाश के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। यानी भौतिक रूप से स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे, लेकिन विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से जारी रखने की व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कांवड़ मेले के दौरान यातायात प्रबंधन, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।







