
# **नैनीताल:** प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस पर सोमवार को आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कतारों में लग गए। सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि भक्तों का पहुंचना लगातार जारी रहा।
सोमवार सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए का भोग अर्पित किए जाने के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत हुई। रातभर से कतार में खड़े श्रद्धालुओं का चरणबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया। बाबा के जयकारों और श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद के रूप में मालपुए का प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह छह बजे के बाद भवाली की ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार देखने को मिली। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। भक्तों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों से शटल सेवा लगातार संचालित की जा रही है, जिससे उन्हें बिना किसी परेशानी के मंदिर तक पहुंचाया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को किसी भी मार्ग पर अनावश्यक रूप से नहीं रोका जा रहा है। सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख चौराहों और बैरियरों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
नैनीताल पुलिस देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस और मंदिर समिति के सेवादार मिलकर श्रद्धालुओं के दर्शन, यातायात और प्रसाद वितरण की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित कर रहे हैं।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।



